क्रिस गेल ने प्रीटी जिंटा की पंजाब किंग्स पर लगाये सनसनीखेज आरोप | IPL में क्रिस गेल की भावुक प्रतिक्रिया

क्रिस गेल ने प्रीटी जिंटा की पंजाब किंग्स पर लगाये सनसनीखेज आरोप | IPL में क्रिस गेल की भावुक प्रतिक्रिया

आईपीएल इतिहास के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक क्रिस गेल ने ऐसा खुलासा किया है जो सच में हैरान करने वाला है। क्रिस गेल ने बताया कि आईपीएल में पंजाब किंग्स टीम ने उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जिससे वो बेहद आहत हुए थे। नौबत यह आ गई कि उन्हें आईपीएल छोड़ना पड़ा और एक समय ऐसा लगा कि वे डिप्रेशन में जा रहे हैं।

क्रिस गेल का पंजाब किंग्स पर सनसनीखेज आरोप

प्रीति जिंटा की टीम पंजाब किंग्स से क्रिस गेल साल 2018 में जुड़े थे। उन्हें 2 करोड़ के बेस प्राइस पर खरीदा गया था। वे 2021 तक टीम में रहे, लेकिन बायो बबल के कारण बीच में ही आईपीएल 2021 छोड़ दिया। अब उन्होंने बताया कि दरअसल पंजाब किंग्स टीम में उनके साथ गलत व्यवहार हुआ था जिसका दुख उन्हें आज भी है।

गेल ने कहा, “पंजाब के साथ मेरा आईपीएल सीजन पहले ही खत्म हो गया था। ईमानदारी से कहूं तो पंजाब किंग्स में मेरे साथ दुर्व्यवहार हुआ। मुझे एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर सही सलूक नहीं मिला। उन्होंने मुझे एक बच्चे की तरह समझा। पहली बार लगा कि मैं डिप्रेशन की ओर बढ़ रहा हूं।

अनिल कुंबले से भी नाराजगी

गेल ने आगे बताया, “मैंने अनिल कुंबले को फोन किया और बताया कि मैं टीम छोड़ रहा हूं। आगे वर्ल्ड कप था और हम बायो बबल में थे जो मानसिक तौर पर बहुत भारी था। मुंबई के खिलाफ आखिरी मैच के बाद सोचा कि और रहना खुद को नुकसान पहुंचाना होगा। कुंबले से बात करते हुए मैं रो पड़ा था। मैं टीम के माहौल और कुंबले से बहुत निराश था। कप्तान केएल राहुल ने मुझसे कहा था कि अगला मैच तुम खेलोगे, लेकिन मैंने कहा ‘ऑल द बेस्ट’, फिर अपना बैग पैक कर दिया और निकल गया।”

पंजाब के लिए गेल का प्रदर्शन

क्रिस गेल ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया। पंजाब किंग्स के लिए तीन लगातार सीज़न में उन्होंने बेहतरीन रन बनाए।

  • 2018 में 40 से ज्यादा औसत से 368 रन
  • 2019 में 40 से ज्यादा औसत से 490 रन
  • 2020 में 41 से ज्यादा औसत से 288 रन

लेकिन 2021 में सिर्फ 21.44 औसत से 193 रन बना सके और प्लेइंग इलेवन से भी ड्रॉप कर दिए गए। यही वजह थी कि वे बेहद निराश हो गए।

कुल मिलाकर, गेल ने आईपीएल में 142 मैचों में लगभग 40 की औसत से 4965 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 148 से ज्यादा है और वे छह शतक लगाने में सफल रहे हैं।

यह भी पढ़ें : ऋषभ पंत या हार्दिक पांड्या: क्रिकेट के बाहर कौन है एजुकेशन में टॉपर और कौन है डफर?